खेड़ा बलरामपुर में दो मंदिरों में चोरी
मेरठ। परतापुर क्षेत्र के खेड़ा बलरामपुर गांव में चोरों ने दो मंदिरों को खंगाल डाला। साथ ही देव प्रतिमाओं के वस्त्र उतारकर उन्हें खंडित कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की, साथ ही फॉरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लिए। वहीं चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।
बलरामपुर गांव के बाहरी छोर पर श्री गोरखनाथ और काली माता का मंदिर हैं। ग्रामीणों के अनुसार गोरखनाथ मंदिर के पुजारी शिव नारायण सुबह करीब छह बजे मंदिर में पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा था। अंदर सामान बिखरा हुआ था। देव प्रतिमाओं के वस्त्र बिखरे हुए थे। देव प्रतिमाओं के मुकुट, आभूषण भी गायब थे। मंदिर का दान पात्र तोड़कर चढ़ावे की रकम निकाली गई थी। छह घंटे भी चोरी हुए थे। वहीं बराबर में काली माता के मंदिर से भी चोरों ने तीन घंटे और दान पात्र से नगदी चोरी की थी। जानकारी होने पर मंदिर समिति के सदस्य और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। ग्रामीणों का कहना था कि सावन के पहले सोमवार को भी मंदिर में चोरी हुई थी।
विधायक भी पहुंचे
मंदिर में चोरी की सूचना पर मेरठ दक्षिण सीट के भाजपा विधायक सोमेंद्र तोमर भी गांव में पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी बात की और चोरों को जल्द पकड़ने को कहा।
खास बात
देव प्रतिमाओं को खंडित किया, ग्रामीणों में आक्रोश