मेरठ। परतापुर के मोहिउद्दीनपुर में देर रात कोल्ड ड्रिंक देने से मना करने पर स्विफ्ट कार सवार युवकों ने मिठाई विक्रेता को गोली मार दी।
पुलिस के अनुसार मोहिउद्दीनपुर निवासी मनोज की खरखौदा मोड़ पर मनोज स्वीट्स के नाम से दुकान है। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे मनोज का भाई विक्की (26) दुकान बंद कर रहा था। इस दौरान स्विफ्ट कार से पहुंचे युवकों ने विक्की से कोल्ड ड्रिंक मांगी। दुकान बंद होने पर विक्की ने मना कर दिया था। जिस पर गुस्साए एक युवक ने विक्की के सीने में तमंचे से गोली मार दी। विक्की लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। हमलावर मौके से फरार हो गए। विक्की को गंभीर हालत में गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनोज ने आशंका जताई है कि इस घटना के पीछे कोई दूसरा मामला हो सकता है। फिलहाल परिवार के लोग उसके इलाज में लगे थे। देर रात तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। इंस्पेक्टर परतापुर दीपक शर्मा ने बताया कि कोल्ड ड्रिंक न देने का ही विवाद था। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
खास बात
- मोहिउद्दीनपुर में देर रात स्विफ्ट कार सवार युवकों ने की वारदात
- दुकान बंद होने पर कर दिया था कोल्ड ड्रिंक देने से मना, हालत गंभीर