समचाना में रक्षाबंधन के दिन युवक की कैंची घोंपकर हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
सांपला थानाक्षेत्र के गांव समचाना में मामूली कहासनुी होने पर सोमवार देर रात एक युवक की कैंची घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ सांपला थाने में केस दर्ज किया गया हैं। सांपला थाना प्रभारी एसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि समचाना में गांव के ही सगे भाई सुरेंद्र और सतपाल ने नाई की दुकान कर रखी है। गांव का ही मंजीत उर्फ सुसा देर रात उनकी दुकान के सामने घूम रहा था। यहां पर मंजीत की दोनों भाइयों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में तीनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। तभी सुरेंद्र का पिता सत्यनारायण, उसका भाई भवन सिंह और उसका बेटा कपिल भी आ गए। इसके बाद पांचों ने मंजीत पर हमला बोल दिया। इसी बीच एक आरोपी ने मंजीत के पेट में कैंची से एक के बाद एक कई वार कर दिए। मंजीत की चीख सुनकर उसका भाई दीपक मौके पर पहुंच गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में मंजीत को अस्पताल लाया गया। यहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से कैंची और वारदात में प्रयोग होने वाले अन्य सामान को बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र, सतपाल, कपिल, सत्यनारायण और भवन सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों और मंजीत की पहले भी कहासुनी हुई थी। अभी तक झगड़े का कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है।