मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में एक कोचिंग सेंटर के छात्रों पर एक बार फिर छेड़छाड़ का आरोप लगा है। एक छात्रा के परिजनों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर आरोपी तीन छात्रों को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस तीनों छात्रों को थाने ले गई और पूछताछ की।
कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाली एक छात्रा ने परिजनों से शिकायत की थी कि जब वह कोचिंग सेंटर से घर जाती है तो कुछ छात्र अश्लील कमेंट्स करते हैं। मंगलवार रात आठ बजे भी कोचिंग सेंटर के पास कुछ छात्र खड़े हुए थे। आरोप है कि छात्रों ने छात्रा और एक अन्य युवती से छेड़छाड़ कर दी। जिस पर पहले से वहां खड़े छात्रा के परिजनों ने शोर मचा दिया। जैसे ही आरोपी छात्रों ने स्कूटी से भागने की कोशिश की तो भीड़ ने पकड़ लिया और पिटाई कर दी। सूचना पर इंस्पेक्टर नौचंदी बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। छात्रा के परिजनों ने तहरीर देने से मना कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी तीनों छात्र नाबालिग थे। पुलिस ने तीनों के परिजनों को बुला लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि थाने में तीनों छात्रों ने माफी मांग ली, जिसके बाद उन्हें परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया।
दुकान से एसी चोरी करने वाला युवक धरा
नौचंदी थाना क्षेत्र के गढ़ रोड से दो जुलाई को एम इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप से एक युवक ने एसी चोरी कर लिया था। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इंस्पेक्टर नौचंदी बृजेश सिंह ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी सरताज उर्फ भोलू निवासी लिसाड़ी गेट को गिरफ्तार का एसी भी बरामद कर लिया है।