मेरठ। होटल हारमनी इन के मालिक हिमांशु पुरी ने रविवार को अपने नौकर को कॉल कर अपने और परिवार का ओडिशा (उड़ीसा) में होना बताया है। जल्द मेरठ आने की बात के साथ कहा कि परेशान होने की कोई बात नहीं है। देर रात हिमांशु पुरी के शास्त्रीनगर स्थित घर पर पहुंचे एक पुलिस अधिकारी ने नौकर से जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों की जांच और एक व्यापारी से बातचीत में पता चला कि हिमांशु पुरी ने इन बीस दिनों में तीन बैंकों में संपर्क किया था। जहां एक बैंक से 50 लाख तो दूसरे से 80 लाख लोन के लिए आवेदन किया था। एक बैंक ने पुराना लोन चुकाने के बाद ही नया लोन करने की बात कही थी।
नौचंदी पुलिस के अनुसार कारोबारी परिवार का नौकर दीपक उर्फ बहादुर शास्त्रीनगर स्थित कारोबारी के घर पर ही मौजूद है। रविवार को कारोबारी ने एक मोबाइल नंबर से अपने दीपक से करीब एक मिनट तक बात की है। जिसके बाद यही कहा कि वह परिवार के साथ हैं, जल्द ही उन्हें लौटना है।
ओडिशा पुलिस से किया संपर्क
इस हाई प्रोफाइल मामले में क्राइम ब्रांच, साइबर और सर्विलांस सेल जांच में जुटा है। सर्विलांस सेल ने मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल के आधार पर लोकेशन निकाली और ओडिशा पुलिस से संपर्क किया। यह भी माना जा रहा है कि पुलिस की टीम गोपनीय ढंग से ओडिशा जाने की तैयारी में है। जांच कर रहे एक अधिकारी ने अपने उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी है। वहीं, लखनऊ से भी कारोबारी के लापता होने के बारे में जानकारी ली गई है। कारोबारी के परिवार में दीपक करीब 17 साल से नौकरी कर रहा है। माना जा रहा है कि जल्द ही पुलिस कारोबारी तक पहुंच जाएगी।
खास बातें:
कारोबारी हिमांशु पुरी ने अपने घर के नौकर से की फोन पर बात
पिछले बीस दिन में तीन बैंकों से लोन के लिए किया था संपर्क