मुजफ्फरनगर के परिवार से अभद्रता, हंगामा
मेरठ। गाजियाबाद से कार से लौट रहे मुजफ्फरनगर के एक परिवार ने कार सवार युवकों पर पीछा कर उनकी कार में टक्कर मारने और महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगा हंगामा काटा। सुनवाई ना होने पर पीड़ित परिवार एसएसपी आवास पहुंच गया।
मुजफ्फरनगर का एक परिवार रविवार रात गाजियाबाद से मुजफ्फरनगर लौट रहा था। उनका का आरोप है कि परतापुर से एक स्विफ्ट सवार युवक उनकी कार के पीछे लग गए। नौंचदी क्षेत्र के डी ब्लॉक शास्त्री नगर में उन्होंने उनकी कार में पहले साइड मारी और बाद में टक्कर मार दी। आरोप है कि उन्होंने कार में सवार महिलाओं से अभद्रता की और छेड़खानी का प्रयास किया। इसे लेकर वहां हंगामा हो गया। आरोप है कि उक्त युवकों ने फोन करके यूनिवर्सिटी से अपने कुछ साथियों को भी बुला लिया। मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस चार युवकों को अपने साथ ले गई और पीड़ित परिवार को नौंचदी थाने भेज दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप था कि वे लोग एक घंटे थाने में बैठे रहे, लेकिन यूपी 100 उन चारों को लेकर नहीं पहुंची। इस पर पीड़ित एसएसपी आवास पहुंच गए और मामले की जानकारी दी। इसके बाद आवास से नौचदी पुलिस को हिदायत देकर परिजनों को थाने भेजा गया। नौंचदी एसओ ने बताया कि मामला अभद्रता या छेड़खानी का नहीं बल्कि कार में साइड लगने का था। थाने में दोनों पक्ष आपस में सुलह करके चले गए हैं।
खास बात
डी ब्लॉक में कार में टक्कर मारी, कार्रवाई ना होती देख एसएसपी आवास पहुंचे