कंकरखेड़ा (मेरठ)। दिल्ली से चोरी और कंकरखेड़ा से बरामद डंपर को लेकर दिल्ली पुलिस के दरोगा और कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर में भिड़ंत हो गई। काफी कहासुनी के बाद भी इंस्पेक्टर ने डंपर देने से इंकार कर दिया।
सोनीपत निवासी भाजपा नेता गजेंद्र सिंह का डंपर सोमवार को दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र से चोरी हो गया था। डंपर में जीपीएस लगा हुआ था। जिसकी लोकेशन कंकरखेड़ा में भोला रोड पर मिली। सूचना पर इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा डंपर को थाने ले आए थे और दिल्ली पुलिस या मालिक के न पहुंचने पर डंपर अपने यहां दाखिल कर लिया था। मंगलवार शाम अलीपुर थाने से सब इंस्पेक्टर चंद्रा सिंह डंपर चालक प्रवीन को लेकर थाने पहुंचे और एसएसआई महेश चंद्र से डंपर सुपुर्दगी में देने को कहा। जिस पर इंस्पेक्टर पीपी सिंह ने कह दिया कि यदि डंपर की चोरी की एफआईआर दिल्ली में दर्ज है तो उसकी कॉपी दिखाकर सुपुर्दगी में ले लो।
जिस पर दरोगा ने कहा कि डंपर मालिक ने बरामदी होने पर एफआईआर दर्ज ही नहीं कराई थी। दरोगा ने इंस्पेक्टर की फोन पर अलीपुर एसएचओ और भाजपा नेता से भी बात कराई। लेकिन इंस्पेक्टर ने डंपर देने से स्पष्ट इंकार कर दिया। जिसके बाद दरोगा इंस्पेक्टर को तानाशाह बताते हुए खाली हाथ दिल्ली लौट गया। वहीं, इंस्पेक्टर का कहना है कि दिल्ली पुलिस के दरोगा को एफआईआर की कॉपी लेकर आनी चाहिए थी। अन्यथा की स्थिति में डंपर मालिक को कोर्ट का आदेश लेकर आना चाहिए था। कोर्ट के आदेश के बाद ही डंपर उसके सुपुर्द किया जा सकता है।
खास बात
दिल्ली से चोरी डंपर लावारिस खड़ा मिला था कंकरखेड़ा में
दिल्ली पुलिस का दरोगा लेने पहुंचा, इंस्पेक्टर ने किया इंकार