बैंक में सुरंग बनाने वालों की तलाश में दबिश
मेरठ। पुलिस दिल्ली रोड स्थित यूनाइटेड बैंक में चोरी की वारदात के खुलासे के नजदीक पुलिस पहुंच गई है। बदमाशों की गिरफ्तारी शेष है। इस वारदात में 4-5 स्थानीय बदमाश शामिल थे। उन्होंने दो तीन दिन तक बैंक की रेकी कर सुरंग तैयार की। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश डाली जा रही है। उम्मीद है कि मंगलवार तक पुलिस इसका खुलासा कर देगी।
बैंक में जिस तरह सुरंग खोदी गई थी। पुलिस को शक था कि ये काम दो से तीन दिन में किया गया होगा। इसी वजह से पुलिस शुरू से ही इस वारदात में स्थानीय बदमाशों का हाथ मानकर चल रही थी। पुलिस ने शक के आधार पर करीब दो दर्जन स्थानीय बदमाशों की कुंडली खंगाली। मुखबिरों के अलावा सर्विलांस की मदद ली गई । जांच पड़ताल और पूछताछ में छह बदमाश संदेह के दायरे में आए । ये पहले भी वारदात कर चुके हैं। इनकी तलाश की गई तो पता चला कि वारदात के बाद से ही ये लापता चल रहे हैं। इसके बाद पुलिस का शक और पुख्ता हो गया । पुलिस ने इनके कुछ नजदीकियों को उठाकर पूछताछ की तो कई अहम सुराग मिल गए । इसमें से चार बदमाश पुलिस के रडार पर हैं। देहात के भी दो बदमाशों के भी वारदात में शामिल होने की आशंका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बदमाशों ने कुछ अन्य बैंकों की भी रैकी की थी, लेकिन यूनाइटेड बैंक नाले के सबसे नजदीक था इसी वजह से इस बैंक को चुना।
कोट
पुलिस को इस केस में काफी अहम जानकारियां मिल चुकी हैं। इसमें अधिकांश स्थानीय बदमाश शामिल हैं। दबिश देकर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास चल रहा है। जल्द केस खुल जाएगा।
मान सिंह चौहान एसपी सिटी