स्कूल के बाहर से छात्र के अपहरण की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
शताब्दी नगर के एक स्कूल के बाहर से शुक्रवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने आठवीं कक्षा के छात्र के अपहरण का प्रयास किया। शोर शराबा सुनकर लोग दौड़े तो बदमाश फरार हो गये। परिजनों ने तहरीर दी है।
शताब्दी नगर सेक्टर चार सी निवासी अनिल कुमार टीपीनगर मेंट्रांसपोर्ट पर काम करते हैं। उनका बेटा अभिषेक (13) रिठानी स्थित एक स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता है। अभिषेक ने बताया कि स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब वह बाहर आया तो बाइक सवार दो युवक ने उसे इशारा कर बुलाया और कहा कि आपके पापा ने हमें आपक ों लेने के लिये भेजा है। वह ट्रांसपोर्ट नगर में आपका इंतजार कर रहे हैं। इस पर छात्र ने पापा से बात कराने कि लिये कहा। इसके बाद एक युवक अभिषेक का मुंह भींचकर बाइक पर बैठाने लगा। इस बीच अभिषेक ने हिम्मत दिखाई और उनसे छूटकर भागकर निकला। शोर सुनकर आसपास के लोग बदमाशों को पकड़ने के लिये दौड़े तो वे फरार हो गए। अभिषेक ने बनाया कि बदमाश लाल रंग की बाइक पर थे, एक ने हेलमेट पहना था। परिजनों ने स्कूल पहुंचकर स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। परिजनों का कहना था कि स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन वे खराब हैं। इस पर स्कूल प्रशासन ने कैमरे सही कराने की बात कही। परिजनों ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। इंसपेक्टर परतापुर दीपक शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगा।
खास बात
शताब्दी नगर में बदमाशों ने छात्र से कहा, पापा बुला रहे हैं
छात्र ने दिखाई बहादुरी और उनके चुंगल से भागकर शोर मचाया