फर्नीचर की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़
मेरठ। परतापुर पुलिस ने फर्नीचर की आड़ में शराब की तस्करी करने का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने परतापुर तिराहे पर एक कैंटर से 400 पेटी हरियाणा मार्का शराब बरामद की है। इसमें आगे फर्नीचर रखा था। मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
परतापुर थानाध्यक्ष गिरजाशंकर त्रिपाठी के अनुसार बुधवार दोपहर पुलिस को कैंटर में शराब लाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने परतापुर तिराहे पर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में एक कैंटर वहां से गुजरा तो पुलिस ने उसे रोक लिया। उसमें आगे की साइड फर्नीचर रखा था। कैंटर चालक ने बताया कि वे पार्टी को फर्नीचर की सप्लाई देने जा रहा है। जब पुलिस ने कैंटर की चेकिंग की तो उसमें फर्नीचर के पीछे अवैध शराब की 400 पेटी बरामद बरामद हुईं। एसएसआई सतेंद्र यादव ने बताया कि कैंटर को कब्जे में लेकर आरोपी नरेंद्र निवासी गांधी नगर बदायूं और अखिलेश पुत्र लल्लन सिंह निवासी बनकता देवरिया को गिरफ्तार कर लिया।
वाराणसी तक तस्करी
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर वेस्ट यूपी के जनपदों के अलावा वाराणसी तक सप्लाई करते हैं। इस शराब को भी वे वाराणसी ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।