कंकरखेड़ा। एक सप्ताह पूर्व दिल्ली के एक व्यापारी की क्रेटा कार नारायणा थाना क्षेत्र से चोरी हो गई थी। पुलिस ने आरोपी मोहित पुत्र हरिओम निवासी बुलंदशहर को गिरफ्तार किया था। नारायणा थाने के एएसआई राजेंद्र प्रसाद के अनुसार मोहित ने बताया था कि कार को उसने कंकरखेड़ा के हाईवे क्षेत्र स्थित कैलाशी हॉस्पिटल के निकट रहने वाले एक व्यक्ति को बेच दिया था। यहां से कार उसने सोतीगंज में बेच कर कटवा दी। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस आरोपी मोहित को लेकर कंकरखेड़ा पहुंची। पुलिस ने उस व्यक्ति की तलाश की, जिसे कार बेची गई थी। इसके बाद टीम सोतीगंज पहुंची, लेकिन वहां कार का कोई सुराग नहीं लगा। इस पर पुलिस आरोपी मोहित को लेकर लौट गई। एएसआई राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि आरोपी की बातों से ऐसा लग रहा है कि वह पुलिस को गुमराह कर रहा था। जल्द ही चोरी हुई कार को बरामद कर लिया जाएगा।