मोदीपुरम। पल्लवपुरम थाने में तैनात एक सिपाही युवती का अपहरण कर फरार हो गया। युवती के पिता ने उसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसपी ने शुक्रवार को आरोपी सिपाही को सस्पेंड कर दिया है।
पुलिस के अनुसार शामली के लांख गांव का निवासी सिपाही सोहनवीर पल्लवपुरम थाने में तैनात है। सिपाही का पल्लवपुरम थाना क्षेत्र निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सिपाही का युवती के घर भी आना-जाना था। बृहस्पतिवार देर रात सिपाही युवती को लेकर फरार हो गया। युवती के परिजनों ने उसकी तलाश की। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार को युुवती के पिता ने पल्लवपुरम थाने पहुंचकर सिपाही के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। जिसमें आरोप लगाया कि सिपाही उसकी बेटी पर गलत नजर रखता था और उसका अपहरण कर ले गया।
थाने में मचा हड़कंप
पल्लवपुरम थाना पुलिस को सिपाही सोहनवीर द्वारा युवती का अपहरण करके ले जाने का भी पता तब चला, जब युवती का पिता रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा। सीओ दौराला विजय प्रकाश के निर्देश पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने युवती को बरामद करने के प्रयास शुरू कर दिए। वहीं, सीओ ने सिपाही को सस्पेंड करने की संस्तुति रिपोर्ट एसएसपी को भेज दी। एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि पल्लवपुरम थाने मेें तैनात सिपाही सोहनवीर के खिलाफ युवती के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवती को बरामद करने के लिए पुलिस की टीम को लगा दिया है। सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है।
शादीशुदा है, दो बच्चे हैं
एसओ पल्लवपुरम सुभाष अत्री ने बताया कि सोहनवीर करीब छह माह से थाने पर तैनात है। जो अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कंकरखेड़ा में मार्शल पिच एरिया में रहता है। सिपाही का इस युवती के घर आना-जाना था। सिपाही ने अपना एक मोबाइल फोन एक दिन पहले तो दूसरा देर रात बंद कर लिया था। जिसके बाद दोनों नंबर सर्विलांस पर ले लिए गए हैं। सिपाही को गिरफ्तार कर युवती को जल्द बरामद कर लिया जाएगा।