लिसाड़ीगेट में विवाहिता की गला घोंटकर हत्या, हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। दहेज की मांग पूरी नही होने पर सोमवार तड़के ससुरालियों ने विवाहिता को पहले बंधक बनाकर पीटा और उसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज हत्या को सुसाइड दिखाने के लिए विवाहिता के शव को गेट के पास खुंटी पर लटका दिया। वहीं मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों को पकड़ने की कोशिश की तो वह हाथापाई कर फरार हो गये। इसके बाद लोगों ने घर में तोड़फोड़ कर आगजनी की कोशिश की।
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के उमर नगर कॉलोनी निवासी सबीला (24) पुत्री अल्लामेहर की शादी छह माह पहले लिसाड़ीगेट में आशियाना कॉलोनी निवासी फारूख पुत्र यूनुस के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही महिला का पति और ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर विवाहिता को बंधक बनाकर मारा पीटा जाता। एक सप्ताह पहले भी विवाहिता का गला दबाकर मारने की कोशिश की। सोमवार तड़के ससुरालियों ने विवाहिता को पीटा और चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी। सोमवार तड़के चार बजे महिला का भाई परिजनों के साथ दूध लेकर उसके घर पहुंचा तो वहां मौजूद महिलाएं खिड़की खोलकर भागने लगीं। मायके पक्ष के लोगों ने महिला के पति पकड़ने की कोशिश की तो वह भाग गया। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने अंदर जाकर देखा तो विवाहिता का शव चुनरी से लटका हुआ था, जमीन पर विवाहिता के पैर भी टिके हुए थे। इस पर उन्होंने दरवाजा तोड़कर घर में आग लगाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंचे सीओ कोतवाली रणविजय सिंह, एसओ लिसाड़ीगेट ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के भाई कामिल की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
खास बातें
मायके पक्ष और ससुरालियों में हुई हाथापाई, लोगों ने घर में तोड़फोड़ कर आगजनी की कोशिश की
फोटो