छात्रों का मेडिकल थाने में हंगामा
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विवि कैंपस में बुधवार को छात्र से हुई लूटपाट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को छात्रों ने मेडिकल थाने में हंगामा किया।
केपी हॉस्टल में रहने वाला छात्र बृजेश बुधवार रात को अपने साथी छात्र के साथ खाना खाकर रूम पर जा रहा था। आरोप है कि दो बाइकों पर आधा दर्जन युवकों ने छात्र को रोक लिया और उस पर जानलेवा हमले की कोशिश की। जिसके बाद हमलावर छात्र से मोबाइल और पर्स लूटकर धमकी देते हुए फरार हो गये।
घटना के खुलासे की मांग को लेकर छात्रों ने पहले रजिस्ट्रार के ऑफिस के बाहर हंगामा किया। उसके बाद मेडिकल थाने पहुंचे और हंगामा कर नारेबाजी कर दी। सूचना पर एसओ मेडिकल बृजेश कुमार भी थाने पहुंचे और किसी तरह छात्रों को समझाने की कोशिश की। पीड़ित छात्रों का आरोप है कि विवि कैंपस में पुलिस की ड्यूटी लगने के बाद भी बाहरी युवक आए दिन मारपीट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। एसओ ने आश्वासन दिया कि पुलिस की ड्यूटी निकाय चुनाव की मतगणना में लगी है। तीन दिन में घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। कपिल खटकी, पंकज कुमार, आदित्य पंवार, विजय राणा, विशाल, अंकुश, प्रशांत, अंकित, चेतन और अन्य रहे।