मेरठ। बुनकर नगर स्थित एक कब्रिस्तान पर बृहस्पतिवार को निर्माण कार्य को लेकर बखेड़ा हो गया। जिसमें दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। पुलिस ने वक्फ बोर्ड के निर्देश पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला के अनुसार बुनकर नगर स्थित एक कब्रिस्तान में शाहनत्थन निवासी इजहार मुतवल्ली है। कब्रिस्तान में इजहार के भाई फरहान ने भी रहन सहन कर रखा है। दोनों भाइयों में पुराना विवाद चल रहा है।
फरहान ने कब्रिस्तान की जमीन पर ही पार्किंग बना रखी थी। पार्किंग का कुछ लोग विरोध करते थे। कब्रिस्तान के मुतवल्ली इजहार की शिकायत पर पार्किंग को हटवा दिया गया था। पार्किंग हटने को लेकर फरहान ने दुकानों को गिरा दिया था। मुतवल्ली ने दुकानें तोड़ने की शिकायत वक्फ बोर्ड और पुलिस से की।
बृहस्पतिवार को इजहार ने दुकानों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया। जिसके बाद आरोपी पक्ष के लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और हंगामा कर दिया। मौके पर लिसाड़ी गेट पुलिस पहुंची तो पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों के लोग मारपीट पर उतारू हो गए। सीओ का कहना कि नियमानुसार ही काम शुरू हुआ है। जिसको लेकर संबंधित विभाग को भी पुलिस की तरफ से जानकारी दी गई थी।