अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। पति-पत्नी और वो के मामले में शनिवार रात पत्नी एवं प्रेमिका में थाने के गेट पर जमकर मारपीट हुई। जिस पर पुलिस ने तीनों को थाने में बैठा लिया। युवक जानलेवा हमले का आरोपी है। सूचना पाकर पहुंची इंचौली पुलिस आरोपी को साथ थाने ले गई।
मवाना निवासी महिपाल का इंचौली थाना क्षेत्र निवासी एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है। आरोप है कि वह शादीशुदा प्रेमिका को अपने साथ रखने की जिद पर अड़ा था। वह बीती 14 फरवरी को प्रेमिका के पति को मारने की नीयत से उसके घर पहुंच गया। उसने महिला के जेठ के बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया था। जिसमें महिला का भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके परिजनों ने महिपाल के खिलाफ इंचौली थाने में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई। उक्त महिला शनिवार रात मवाना पहुंची और दवा दिलाने के बहाने महिपाल को फोन करके थाने के समीप बुला लिया। इस पर पीछा करते हुए महिपाल की पत्नी भी पहुंच गई। इस पर दोनों महिलाओं में थाने के गेट के बाहर मारपीट हो गई। जिसे देख पुलिस ने तीनों को थाने में बैठा लिया। महिपाल के जानलेवा हमले के आरोपी होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने इंचौली पुलिस को सूचना दी। इस पर इंचौली पुलिस के एसआई प्रदीप कुमार मवाना थाने पहुंचे और महिपाल को साथ ले गए। एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि महिपाल उनके थाने का वांछित आरोपित था। महिला द्वारा उसे बहाने से बुलाया गया।