फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

15 फीट लंबी सुरंग बनाकर बैंक में लगा दी सेंध

विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। मोदीनगर की तरह मेरठ में भी मंगलवार रात चोरों ने सुरंग बनाकर दिल्ली रोड स्थित यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में सेंध लगा दी। चोरों ने सड़क किनारे नाले से करीब 15 फीट लंबी सुरंग बनाई और बैंक के अंदर घुस गए। उन्होंने बैंक के स्ट्रांग रूम का गेट तोड़ने की कोशिश की। लेकिन सफल नहीं हुए। पुलिस के अनुसार बैंक का कैश और लॉकर सभी सुरक्षित मिले हैं। शाखा प्रबंधक ने पांच कंप्यूटरों की हाई डिस्क और सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर चोरी होने की रिपोर्ट थाना टीपी नगर में दर्ज करायी है।
विज्ञापन

इस सनसनीखेज वारदात का पता बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे बैंक खुलने पर लगा। बैंक प्रबंधक शांतनु मुखर्जी के अनुसार वे और संविदा कर्मी राहुल जैसे ही बैंक का गेट खोलकर अंदर घुसे तो काउंटरों पर सामान बिखरा हुआ था। मेन गेट के निकट बने एक काउंटर के पास फर्श टूटा था। यहां एक सुरंग खुली हुई थी, जिसका दूसरा सिरा बाहर नाले पर खुला हुआ था। ये देखकर उनके होश उड़ गए। किसी अनहोनी की आशंका में बैंक के अंदर चेक किया तो स्ट्रांग रूम का गेट और दीवार तोड़कर चोरी करने की कोशिश भी की गई थी। चाबियों की तलाश में चोरों ने काउंटर की अलमारियों की भी तलाशी ली थी।
बैंक प्रबंधक की सूचना पर एसपी सिटी मान सिंह चौहान, सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया, एसओ टीपी नगर ब्रिजेश शर्मा के अलावा क्राइम ब्रांच, फोरेंसिक जांच टीम और डॉग स्क्वाएड मौके पर पहुंचा। सभी टीमों ने बैंक में बारीकी से जांच पड़ताल की।
विज्ञापन

50 लाख कैश था स्ट्रांग रूम में
सीओ ब्रह्मपुरी के अनुसार प्रारंभिक जांच पड़ताल में सामने आया कि चोरों ने नाले से बैंक के अंदर तक करीब 15 फीट लंबी और करीब पौने दो फीट चौड़ी सुरंग बनाई थी। बैंक के स्ट्रांग रूम में करीब 50 लाख कैश और करीब 150 लॉकरों में ज्वैलरी होना बताया गया। हालांकि बुधवार दोपहर बाद वीडियोग्राफी के बीच स्ट्रांग रूम और लॉकरों को चेक किया गया तो सभी कुछ सुरक्षित पाया गया।
मौके से मिले सर्जिकल ग्लब्स
फोरेंसिक टीम ने कई स्थानों से नमूने लिए। इस दौरान सर्जिकल ग्लब्स भी मिले। डॉग स्क्वाएड को ये दस्ताने सुंघाए गए। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बैंक प्रबंधक ने थाना टीपी नगर पर पांच कंप्यूटर हार्ड डिस्क और एक सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर चोरी होने की तहरीर दी गई। बैंक का पूरा कैश और ग्राहकों के लॉकर सुरक्षित मिले हैं। एसओ ने बताया कि प्रबंधक की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं, पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने भी बैंक पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
मामला संदिग्ध, जांच जारी
एसपी सिटी मान सिंह चौहान और सीओ ब्रह्मपुरी के अनुसार बैंक नाले के नजदीक है। यहीं से सुरंग बनाकर बैंक में अंदर घुसने की बात सामने आई है। यदि चोर नाले की ओर से अंदर आते तो उनके पैर गंदे होते। उनके निशान बैंक के अंदर होते। लेकिन ये निशान अंदर नहीं मिले हैं। इसलिए मामला कुछ संदिग्ध भी लग रहा है। बैंक में सुरक्षा गार्ड भी नहीं है। क्राइम ब्रांच को जांच में लगाया गया है। गंभीरता से वर्क किया जा रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि सुरंग पहले से बनाई जा रही थी या नहीं।
विज्ञापन

खास बात
- दिल्ली रोड स्थित यूनाइटेड बैंक की शाखा में मंगलवार रात हुई वारदात
- स्ट्रांग रूम का गेट तोड़ने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे
- बैंक के बाहर नाले से बैंक के अंदर तक खोदी सुरंग
- पांच कंप्यूटरों की हार्ड डिस्क और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर ले गए
- पुलिस अफसरों, क्राइम ब्रांच, फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर तलाशे सुराग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें