डंपर ने बाइक में मारी टक्कर, तीन वर्षीय बच्चे की मौत
थाना कुतुबशेर क्षेत्र में गंगोह रोड पर नगला खारी के पास बाइक सवार दंपती और उनके तीन वर्षीय पुत्र आयिल को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक गांव सरकड़ी का रहने वाला था और वह अपने पिता मुमताज और मां के साथ बाइक पर गांव से शहर की तरफ आ रहा था। वह जब नहर की पटरी से गंगोह मार्ग पर पहुंचा तो नकुड़ की तरफ से आते डंपर ने टक्कर मारी। चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में लिया। मृतक बच्चे का पिता किसान है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।