टी-20 प्रारूप के लिए भारतीय टीम में शामिल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शिवम मावी ने सोमवार को भामाशाह पार्क में रणजी मैच के लिए अभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की।
मेरठ आज यानी 17 जनवरी से भामाशाह पार्क में उत्तर प्रदेश व ओडिशा की टीमों के बीच रणजी ट्रॉफी का मुकाबला खेला जा रहा है। जिसके लिए दोनों टीमों ने रविवार को साढ़े तीन घंटे अभ्यास किया। टी-20 प्रारूप में भारतीय टीम के खिलाड़ी शिवम मावी ने गेंदबाजी व बल्लेबाजी का जमकर अभ्यास किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा आईपीएल ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दी, जबकि घरेलू क्रिकेट ने भारतीय टीम तक पहुंचाने में मदद की।
विज्ञापन
शिवम ने कहा वह साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन को अपना आदर्श मानते हैं। बकौल मावी मेरठ के भामाशाह पार्क में वह अंडर-19 बोर्ड क्रिकेट खेले, जबकि 2019 में रेलवे के खिलाफ रणजी मैच भी खेला। मेरठ में जन्म हुआ और नोएडा में क्रिकेट सीखकर आगे बढ़े। वह पिछले डेढ़ साल से सभी प्रारूप में क्रिकेट खेल रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ भी शिवम मावी तीन मैचों की टी-20 सीरीज में चुने गए हैं। जिसके लिए उन्होंने कहा श्रीलंका के खिलाफ पहली सीरीज खेलने के बाद आत्मविश्वास बढ़ा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दूंगा। श्रीलंका टी-20 दौरे के बाद वह फिर से घरेलू क्रिकेट में दम दिखाने को तैयार हैं।
दोनों टीमों के बीच करो या मरो का मुकाबला
पांच-पांच मैच खेलकर दोनों टीमों के लिए अगले दोनों मैच करो या मरो की स्थिति में है। उत्तर प्रदेश टीम के मैनेजर कन्हैयालाल तेजवानी ने कहा लखनऊ में उत्तराखंड के खिलाफ मौसम ने खेल बिगाड़ा। जिससे मैच ड्रा पर रहा, जबकि उत्तराखंड की टीम पहली पारी में लीड लेने में कामयाब रही। 5 मैचों में उत्तर प्रदेश की टीम 2 मैच हारे हैं, जबकि एक जीते और दो मैच ड्रॉ रहे। ड्रॉ वाले दोनों मैच में विपक्षी टीम पहली पारी में लीड लेने में कामयाब रहीं।
क्रिकेटर शिवम मावी
- फोटो : अमर उजाला
मैनेजर ने कहा कि हमारी टीम युवा है, आईपीएल के अनुभवी खिलाड़ी हैं। तेज गेंदबाजी मजबूती रही है। हरियाणा के खिलाफ अंकित राजपूत व आकिब ने घायल हो गए। मेरठ के समीर चौधरी ने अच्छी बल्लेबाजी की है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा उत्तर प्रदेश में इतनी प्रतिभा है कि चार टीमें होनी चाहिए। उप्र की टीम 9 अंक लेकर छठे स्थान पर है, जबकि ओडिशा 7 अंक लेकर सातवें स्थान पर है। बंगाल 25 अंक पाकर पहले और उत्तराखंड की टीम 23 अंक लेकर दूसरे नंबर पर रहे।
रणजी मैच
- फोटो : अमर उजाला
हमारे पास भी युवा टीम है
ओडिशा टीम के मैनेजर विजय कुमार दास ने कहा उत्तर प्रदेश की टीम भी युवा टीम है। हमारी टीम में भी आलराउंडर प्रयास सिंह ठाकुर, गोविंद पोड्डर, अनुराग सारंगी, शनतनु मिश्रा, गेंदबाज संजय जैसे युवा खिलाड़ी हैं। अनुभवी सूर्यकांत प्रधान, बसंत मानती जैसे खिलाड़ी हैं। बंसत 400 विकेट ले चुके हैं। दोनों टीमों के बीच अच्छे मुकाबले के आसार हैं। एक तरफा मुकाबला नहीं होगा।
उप्र की टीम में आईपीएल के सात खिलाड़ी
उप्र की टीम में सात खिलाड़ी आईपीएल में खेलने का अनुभव रखते हैं। गेंदबाज शिवम मावी, बल्लेबाज रिंकू सिंह, प्रियम गर्ग, अक्षदीप नाथ, ध्रुव जुयाल, कर्ण शर्मा, हरफनमौला खिलाड़ी सौरभ कुमार उप्र टीम में हैं।