भामाशाह पार्क में रविवार को सातवें ऑल इंडिया वैभव मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच में यूपीसीए ने उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन को दस विकेट से रौंद दिया। दूसरे मैच में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने मुजफ्फरनगर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन को 145 रन से हराया।
रेशम विकास विभाग उत्तर प्रदेश के सलाहकार (राज्यमंत्री, दर्जा प्राप्त) भूषण त्यागी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। ग्राउंड नंबर एक पर खेले गए पहले मैच में उत्तराखंड की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। यूपीसीए के गेंदबाजों के आगे उत्तराखंड के बल्लेबाज टिक न सके और 22.2 ओवर में मात्र 54 रन पूरी टीम आउट हो गई।
शुभम मावी ने चार, जोहेब कासिम, शानू सैनी और मुकेश कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए। सात बल्लेबाज दहाई का अंक भी नहीं छू पाए। जवाब में यूपीसीए की टीम के ओपनर शिवम चौधरी और राहुल रावत ने 8.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। राहुल ने 30 और शिवम ने 24 रन बनाए।
ग्राउंड नंबर दो पर खेले गए मैच में मुजफ्फरनगर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट ऐसोसिएशन ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने 45 ओवर में 237 रन बनाए। शांतनु 44, विकास सिंह 37, हरदीप सिंह 31, सन्नी भाटी और मोहम्मद आसिफ ने 28-28 रन की शानदार पारी खेली।
जवाब में मुजफ्फरनगर की टीम 26 ओवर में 87 रन बनाकर आउट हो गई। बादल सिंह ने 3 और विकास सिंह व रोबिन सिंह ने 2-2 विकेट लिए। अध्यक्षता सेठ दयानंद गुप्ता ने की। इस मौके पर एमडीसीए के प्रेजीडेंट अरविंद नाथ सेठ, उपाध्यक्ष जेके अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, कोच संजय रस्तोगी और क्यूरेटर रवींद्र चौहान मौजूद रहे। राकेश गोयल ने बताया कि सोमवार को एमडीसीए वर्सेस यूपीसीए और उत्तराखंड सीए वर्सेज मुजफ्फरनगर डीसीए के बीच मुकाबले होंगे।