संवाद न्यूज़ एजेंसी
मेरठ। शहर की सड़कों पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने जुलाई में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। एक महीने तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने 32.36 हजार वाहनों के चालान किए और 39.5 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला। सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ हुई। वहीं तेज रफ्तार वाहन चालकों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा।
एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि यह अभियान एक से 31 जुलाई तक चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, अवैध पार्किंग, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र, गलत लेन और गलत साइड ड्राइविंग समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट चलने वाले 19.85 हजार वाहन चालकों के चालान किए गए। इनसे 6.20 लाख रुपये शमन शुल्क प्राप्त हुआ। तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 13 सौ से अधिक वाहन चालकों के चालान कर 1.25 लाख रुपये वसूले गए। अवैध पार्किंग के खिलाफ 2 हजार से अधिक चालान किए गए। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी यातायात पुलिस सख्त रही। तेज रफ्तार के 34 सौ से अधिक चालान किए गए और 18.12 लाख रुपये शमन शुल्क प्राप्त हुआ।
इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 11 सौ, गलत साइड ड्राइविंग के 12 सौ और बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के 726 चालान किए गए। बिना एचएसआरपी या खराब नंबर प्लेट वाले 645 वाहनों पर कार्रवाई हुई। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में 19 सौ चालान किए गए।