मेरठ से सटे सरधना में गांव कपसाड़ स्थित अस्थायी गोशाला में पिछले छह माह से अव्यवस्था की भरमार है। बारिश के चलते कई गोवंश कीचड़ में मरे पड़े रहे, लेकिन किसी ने उनकी सुध नहीं ली। कई माह पहले अव्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने तहसील में तीन दिन तक धरना दिया था। एसडीएम के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया था। अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
गांव कपसाड़ स्थित अस्थायी गोशाला में 50 गोवंशों की क्षमता है, जबकि इसमें 200 से अधिक गोवंश को रखा गया है। अव्यवस्था के चलते घायल गोवंश अब गोशाला परिसर के कीचड़ में तड़प-तड़पकर मर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही को लेकर तीन दिन तक तहसील में धरना दिया गया था। इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत, बीडीओ और जिला स्तर पर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका है। इसके चलते ग्रामीणों में तो रोष है।
ग्रामीण राहुल सोम, विनोद, अरविंद, रोहित, अनुज राणा, सौरव, दीपक, सुखपाल आदि ने बताया कि एसडीएम पंकज प्रकाश राठौर ने तीन दिन तक चले धरने को कार्रवाई के आश्वासन पर खत्म कराया था। लेकिन अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ।
एसडीएम पंकज प्रकाश राठौर का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। टीम भेजकर अव्यवस्था जांच कराई जाएगी।