संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव डाहर निवासी शाहरुख और उसकी पत्नी इमराना के साथ गांव निवासी आरोपियों ने मारपीट कर दी। इसमें दंपती घायल हो गई। पीड़ित ने सालिम उर्फ मुन्नू, फैजान उर्फ टुल्लू, फुरकान, रिजवान व गुन्नू, शौकीन व शहजाद, सुएब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित इरफान पुत्र रशीद ने तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार देर रात उसका भतीजा शाहरुख अपनी पत्नी इमराना को लेकर डॉक्टर के पास दवाई दिलाने जा रहा था। वह गांव में शहजाद के मकान के सामने पहुंचा तो वहां पहले से खड़े आरोपी सालिम उर्फ मुन्नू ने अपने साथियों के साथ उसे रोक लिया। आरोपियों ने थाने की मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर दी।
बचाव के लिए आई शाहरुख की पत्नी को भी आरोपियों ने जमकर पीटा। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने छत पर चढ़कर पथराव शुरू कर दिया। इसमें इरफान, मेहरबान, रईस तथा रुकैया पत्नी गुलफाम घायल हो गए। पुलिस को आते देख आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने घायलों को सीएससी में भर्ती कराया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।