छोटे भाई ने चचेरे भाई के साथ मिलकर किया हमला, घायल दंपती ने दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। गन्ने के भुगतान की मांग करने पर एक दंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि छोटे भाई ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर दंपती को घर में पीटा। बचकर गली में पहुंचे दंपती पर आरोपियों ने डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल दंपती को दौराला सीएचसी में उपचार दिलाया।
मंडौरा गांव निवासी सुनील ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पत्नी सोनम के साथ परतापुर में रहता है। बुधवार शाम उसके छोटे भाई अनिल ने गन्ने का भुगतान देने के बहाने उसे घर बुलाया था। देर शाम वह पत्नी के साथ पहुंचा और भाई से भुगतान मांगा। आरोप है कि अनिल ने रुपये देने से इन्कार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने अपने चचेरे भाई विरेंद्र को बुला लिया। दोनों ने मिलकर सुनील के साथ मारपीट की।
सुनील की पत्नी सोनम बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। किसी तरह दंपती घर से निकलकर गली में पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर वहां भी डंडों से हमला कर दिया। घायल दंपती ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।