आज मतगणना, 12 बजे से आने लगेंगे परिणाम
मेरठ। सुबह आठ बजे से जिले के 12 केंद्रों पर दो पालियों में मतगणना शुरू होगी। इसके लिए सभी तैयारियों को पूरा करने के लिए देर रात तक तैयारी चलती रहीं। राज्य निर्वाचन आयोग और सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद केंद्रों पर कोरोना संक्रमण को देखते हुए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में निपटा जा सके।
केंद्र पर डॉक्टर की तैनाती की जाएगी। सबसे पहले ग्राम पंचायत सदस्यों के परिणाम आने शुरू होंगे। इसके बाद प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के परिणाम आएंगे। सबसे देरी से जिला पंचायत सदस्यों के परिणाम आएंगे। दोपहर 12 से परिणाम आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
जिलाधिकारी के. बालाजी ने बताया मतगणना सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा जनपद की सभी ब्लॉकों में स्थित 92 न्याय पंचायतो के लिए 184 मतगणना टेबल बनाई गई हैं । उन्होंने कहा कि विजयी प्रत्याशियों को विजय जुलूस निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रशासन का दावा है कि मतगणना को दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।