पालिका बोर्ड की बैठक में विकास कार्य और सफाई व्यवस्था को लेकर उठे सवार
-सभासदों ने वार्ड में नियमित सफाई न होने के आरोप लगाए
-ईओ ने कहा-लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका सभागार में शनिवार को बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। इसमें दिवाली पर सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों को लेकर मंथन हुआ। पालिका क्षेत्र से बाहर नाला निर्माण और स्ट्रीट लाइट लगाने के कुछ प्रस्तावों पर सभासदों ने विरोध दर्ज कराया। ईओ ने लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने कहा कि पालिका सीमा के बाहर कोई कार्य नहीं कराया जाएगा, नियमों का पालन अनिवार्य है। माता मरियम महोत्सव और सफाई व्यवस्था पर फोकस, बैठक में माता मरियम महोत्सव के आयोजन को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। इसके साथ ही कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था, नियमित सफाई, और मॉनिटरिंग प्रणाली को दुरुस्त करने पर चर्चा हुई। कई सभासदों ने शिकायत की कि नगर क्षेत्र में सफाई नियमित नहीं हो रही है, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस पर ईओ दीपिका शुक्ला ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले सफाई नायकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वार्ड स्तर पर सड़क निर्माण, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट लगाने और नालों की सफाई से जुड़े कई प्रस्ताव सभासदों द्वारा प्रस्तुत किए गए। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष सबीला बेगम ने की। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन शहर की स्वच्छता और आधारभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता देगा और सभी प्रस्तावों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र अमल में लाया जाएगा। बैठक में लिपिक विपिन शर्मा, सभासद शानू जैन, सोनू त्यागी, संजय सोनी, फरमान अंसारी, दानिश्ता, कविता, नेहा टाली, तारिक हसन, शकील अहमद, राहुल पाल, सलीम कुरैशी, हाजी मन्नान, शहजाद सितारा आदि उपस्थित रहे।