मेरठ जनपद के सरधना में मेरठ-करनाल हाईवे पर पोहल्ली गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बुधवार रात करीब आठ बजे बाइक सवार नगर पंचायत हर्रा के सभासद ठाकुर विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें मेरठ के निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभासद को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सभासद बाइक पर सवार होकर हर्रा से मेरठ स्थित अपने आवास पर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ठाकुर विनोद (56) पुत्र सरदार सिंह हर्रा नगर पंचायत के वार्ड एक से सभासद थे। कस्बे के लोगों ने बताया कि पल्लवपुरम स्थित मकान पर जाने के लिए हर्रा से बुधवार देर रात बाइक पर सवार होकर मेरठ जा रहे थे। जैसे ही मेरठ-करनाल हाईवे पर पोहल्ली गांव से कुछ आगे कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के बटजेवरा गांव के निकट पहुंचे तो पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विनोद हाईवे पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।