मेरठ। गृहकर के बिलों पर आपत्तियों के निस्तारण के लिए शनिवार सुबह वार्ड-48 के सरस्वती लोक में नगर निगम की ओर से शिविर लगाया गया। इसमें भवन स्वामियों की कतार लग गई। इस दौरान किसी भवन के दो-दो बिल तो किसी का दस गुना गृहकर बढ़ा होने जैसी समस्याएं सामने आईं। भाजपा में महानगर महामंत्री महेश बाली और पार्षद दीपक वर्मा ने भवन स्वामियों के स्वकर प्रपत्र खुद निगम कर्मचारियों से भरवाकर समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान 200 से अधिक लोगों ने अपना गृहकर शिविर में जमा कराया।
सरस्वती लोक कॉलोनी के गेट पर लगे शिविर में नगर आयुक्त सौरभ गंगवार व अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी मौके पर पहुुुंचे। भवन स्वामियों के गृहकर बिल पर काफी संख्या में आपत्तियां पहुंचीं। इनके निदान के लिए लेकर उनका निस्तारण के लिए स्वकर प्रपत्र भरवाया। कई भवन स्वामियों ने आरोप लगाए कि 200-300 रुपये गृहकर देने वाले अब 10-20 हजार रुपये कैसे देंगे। भाजपा पार्षद ने आश्वासन दिया कि किसी भी भवन स्वामी से ज्यादा गृहकर नहीं लिया जाएगा। जिन-जिन भवन स्वामियों को आपत्ति है, वह तुरंत स्वकर प्रपत्र भरकर जमा कर दें। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक शिकायतें पहुंचीं।
नगर आयुक्त सौरभ गंगवार का कहना है कि वह रोजाना एक कैंप में जाएंगे। स्वकर प्रपत्र भवन स्वामी खुद भरेंगे तो निगम उनका निस्तारण 4-5 दिन में ही कर देगा और नया बिल जारी करेगा।