बड़ी जिम्मेदारी के बावजूद ग्रेप पर गंभीर नहीं निगम
मेरठ। नगर निगम ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) को पूरी तरह से लागू कराने में असफल साबित हो रहा है। खुले में निर्माण सामग्री रखने वालों और प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं हो रही है। कर्मियों द्वारा नगर आयुक्त के निर्देशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है।
वायु प्रदूषण रोकने के लिए 15 अक्तूबर से ग्रेप लागू हो चुका है। ग्रेप का पालन कराने के लिए अन्य विभागों के साथ ही नगर निगम को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। सबसे बड़ा काम सड़कों पर धूल और निर्माण सामग्री नहीं उड़ने देने के साथ ही कूड़ा जलने से रोकना है। नगर निगम कर्मी सफाई कार्य और कूड़ा उठाने का काम तो रोजमर्रा की तरह कर रहे हैं। लेकिन ग्रेप के लिए कोई अलग से कार्रवाई नहीं की जा रही है। 200 चालान बुक छपवाई गई जबकि इनमें से 40 बुक ही निगम कर्मियों और अधिकारियों ने ली हैं। चार दिन बाद भी निगम ने खुले में पड़ी निर्माण सामग्री मामले में चालान नहीं किया। मेडिकल क्षेत्र में सड़क पर कूड़ा फेंकने पर तीन दुकानदारों का चालान कर 900 रुपये जुर्माना वसूला। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को 19 टैंकरों से पानी का छिड़काव कराया गया। कचहरी, शमशान भूमि और एसडी इंटर कालेज बुढ़ाना गेट को सैनिटाइज कराया गया। सभी वार्डों में सफाई कराई गई।
सफाई नायक निलंबित, 50 का वेतन कटा, 22 की सेवा खत्म
मेरठ। शहर की सफाई में लापरवाही पर नगरायुक्त ने सफाई नायक को निलंबित करते हुए 50 सफाई कर्मियों का एक दिन का वेतन काटा है। वहीं, निगम के विभिन्न वार्डों में चले सफाई निरीक्षण के तहत 22 स्वच्छता मित्र तीन दिन ज्यादा से काम पर नहीं आ रहे थे। इन सभी को सेवा खत्म कर दी गई है।
सहायक नगर आयुक्त द्वितीय इंद्र विजय ने विशेष सफाई अभियान के दौरान 12 अक्तूबर की सुबह 10 बजे वार्ड नंबर 67 का निरीक्षण किया था। सफाई नायक सचिन ने पूरे वार्ड की सफाई होना और सफाई कर्मियों का घर जाना बताया। लेकिन निरीक्षण में वहां गंदगी मिली। लोगों ने कई दिन से सफाई न होना बताया। रजिस्टर चेक किया तो सभी सफाई कर्मियों की हाजिरी लगी थी। सहायक नगरायुक्त की रिपोर्ट पर नगरायुक्त ने सफाई नायक सचिन को निलंबित करते हुए 50 सफाई कर्मियों का वेतन काट दिया। सहायक नगरायुक्त प्रथम ब्रजपाल सिंह को जांच सौंपी है। संवाद
हवा की सेहत कुछ सुधरी
मोदीपुरम। मौसम में आए बदलाव और हवा चलने से रविवार को एक्यूआई में गिरावट रही। महानगर का औसम एक्यूआई शनिवार के 269 के मुकाबले रविवार को 256 दर्ज किया गया। गंगानगर, जयभीमनगर और पल्लवपुरम का एक्यूआई क्रमश: 233, 293 व 256 रहा। संवाद