तापमान जांचता स्वास्थ्यकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
मुरादाबाद के न्यायिक अधिकारी समेत मेरठ में कोरोना संक्रमण के 22 नए मरीज मिले हैं। वहीं, मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में भर्ती दो मरीजों की मौत हो गई। अब तक मेरठ में 817 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें 62 की मौत हो चुकी है। 518 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, 237 का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. टीवीएस आर्य ने बताया की मंगलवार को 57 वर्षीय व्यक्ति निवासी ईरा गार्डन, मेरठ और 65 साल की वृद्धा निवासी खुर्जा, बुलंदशहर ने दम तोड़ दिया।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि मेरठ में परिवार के साथ रह रहे मुरादाबाद के न्यायिक अधिकारी और उनकी बेटी के अलावा नौचंदी थाने की महिला सिपाही, भावनपुर थाने का दरोगा, जीआरपी के हेड कांस्टेबल, कंकरखेड़ा निवासी डॉक्टर, ज्वेलर और खाना बनाने वाली दो महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
ब्रह्मपुरी का 7 माह का बच्चा भी संक्रमित मिला है। इस परिवार के अन्य सदस्य भी पूर्व में कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।