शामली जनपद में बुधवार को कोरोना पॉजिटिव के तीन नए केस आए हैं। इनमें दो महिलाओं की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक महिला दिल्ली पुलिस के सिपाही की पत्नी है। तीनों कोरोना संक्रमित कुछ दिन पहले ही दिल्ली से अपने घर पहुंचे थे। तीनों के सैंपल चार दिन पहले लिए गए थे और होम क्वारंटीन थे। तीनों संक्रमित को कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
बुधवार दोपहर में मेरठ मेडिकल से 10 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है, जिनमें सात नेगेटिव और तीन पॉजिटिव है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक कोरोना पॉजिटिव मिले नए केस में सिपाही पत्नी सहित दो महिला और एक पुरुष हैं। शामली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक दिल्ली के अमन विहार रोहिणी सेक्टर में एक थाने में सिपाही के पद पर तैनात है।
वह 27 मई को अपनी पत्नी के साथ घर आया था। सिपाही का कहना है कि उसे पिता का स्वास्थ्य खराब होने की वजह से वे उपचार कराने आए थे। 31 मई को स्वास्थ्य टीम ने उनके घर पहुंचकर परिवार के छह सदस्यों के सैंपल लिए थे। बुधवार को सिपाही की पत्नी की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा झिंझाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला और दूसरे गांव का युवक दिल्ली के जहांगीपुरी इलाके में रहकर अपना-अपना कार्य करते थे।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक दोनों 30 मई को अपने-अपने घर पहुंचे थे। इनकी जानकारी मिलने पर 31 मई को दोनों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए थे। सैंपल लेने के बाद स्वास्थ्य टीम ने तीनों को होम क्वारंटीन किया था। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि बुधवार को प्राप्त सैंपलों की जांच रिपोर्ट में दो महिला समेत तीन कोरोना पॉजिटिव आए हैं।
इनमें एक महिला हाल ही में रोहिणी दिल्ली से लौटी है, जबकि एक अन्य महिला व पुरुष जहांगीपुरी दिल्ली से आए हैं। कोरोना पॉजिटिव मिले इन तीनों को कोविड अस्पताल झिंझाना में शिफ्ट किया गया है। जनपद में अब कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस बढ़कर 13 हो गए हैं। डीएम ने बताया कि जहां पर ये कोरोना संक्रमित केस मिले है, उस स्थान पर सैनिटाइजेशन, साफ-सफाई, सर्वे और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
संक्रमित युवक के पांच परिजनों को कराया क्वारंटीन
बिजनौर के बेगावाला में विदेश से आए एक युवक के कोरोना पॉजिटिव निकलने पर गांव में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने गांव की सीमाएं सील कराकर गांव को सैनिटाइज कराया गया है। गांव में पुलिस को तैनात किया गया है।
थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव काजीवाला में कुवैत से आए युवक में कोरोना पॉजिटिव निकलने की पुष्टि हुई। बुधवार को एसडीएम सदर बृजेश कुमार ने गांव का दौरा किया। काजीवाला गांव में कोरोना संक्रमण का यह पहला केस मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। यह युवक 29 मई को कुवैत से लखनऊ आया था। वह 30 मई को अपने घर लौटा।
मंगलवार रात युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग व राजस्व विभाग की टीम ने परिवार के पांच लोगों को धर्मनगरी में क्वारंटीन कराया है। संक्रमित के घर पर पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं। लेखपाल उपेंद्र, मुहम्मद आसिफ, राजस्व निरीक्षक धर्मपाल व पुलिस ने गांव में पांच हॉट स्पॉट स्थान चिह्नित कर सील कर दिए हैं। बेगावाला पुलिस चौकी के सामने से जाने वाले मुख्य मार्ग को भी सील कर दिया गया है।
नगर में अब तक छह निकल चुके हैं संक्रमित, अब मोहल्ला कस्साबान सील
मंडावर के युवक के कोरोना पॉजिटिव निकलने पर पुलिस प्रशासन ने मोहल्ले को सील करा दिया है। अब तक मंडावर में कुल छह लोग कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है। थाना प्रभारी निरीक्षक लव सिरोही ने बताया कि मोहल्ला कस्साबान को सील कर दिया गया है। इसमें कोई दुकान आदि खोलने की अनुमति नहीं होगी। युवक के परिजनों को क्वारंटीन कराया गया है। नगर के मोहल्ला शाहविलायत, ब्रह्मनान, शंभा बाजार, आचारजान और बुधवार को मोहल्ला कस्साबान में संक्रमित मरीज मिलने पर ये पहले से ही सील हैं।