सहारनपुर आयुष मंत्री के दो और परिजन समेत 16 कोरोना पॉजिटिव
सहारनपुर में सोमवार को कोरोना के 16 नए संक्रमित सामने आए। इनमें दो लोग आयुष मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी के परिवार से हैं, जिनमें मंत्री का छह वर्षीय पौत्र और एक घर का नौकर शामिल है।
चिकित्सा विभाग ने मंत्री के पॉजिटिव आने के बाद उनके परिवार के करीब 18 लोगों के सैंपल लिए थे। पत्नी और बेटे की रिपोर्ट दो दिन पहले ही पॉजिटिव निकली थी। सोमवार को छह वर्षीय पौत्र और घर पर काम करने वाले 23 वर्षीय नौकर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद से परिवार में दहशत की स्थिति है।
इनके अलावा चार लोग नानौता के मोहल्ला सुनारो वाली गली के संक्रमित आए हैं, जो एक ही परिवार के हैं। सुनारो वाली गली में अभी तक एक दर्जन से अधिक की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। सहारनपुर शहर के शारदानगर में भी चार लोग पॉजिटिव आए हैं। यह भी एक ही परिवार के सदस्य हैं। तीन लोग देवबंद के पठानपुरा, वेदविहार और मोहल्ला लहसवाड़ा के हैं। इनमें एक व्यक्ति किराना व्यापारी का बेटा है, जबकि दूसरा अस्पताल का स्टाफ सदस्य है।
यह भी पढ़ें: कानपुर एनकाउंटर: दो स्कार्पियो व सात साथियों संग पश्चिमी यूपी की इस चौकी पर दिखा विकास दुबे, पुलिस अलर्ट
तीसरा व्यक्ति श्मशान घाट पर रहता है। एक व्यक्ति सहारनपुर शहर के गोटेशाह का रहने वाला है। पॉजिटिव निकले सभी 16 लोगों को कोविड अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग की जा रही है। इसके साथ ही जनपद में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 453 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 369 मरीज ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 83 एक्टिव मरीज हैं।
बागपत में कृषि विभाग के कर्मचारी समेत 12 संक्रमित, तीन दिन बंद रहेगा उप कृषि निदेशक कार्यालय
कोरोना संक्रमण की चेन रोज बढ़ रही है। कृषि रक्षा इकाई पर कार्यरत कर्मचारी पॉजिटिव मिला है, जिस कारण तीन दिन के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय बंद कर दिया गया। जिले में कुल 12 संक्रमित मिले हैं। अब संख्या बढ़कर 377 पर पहुंच गई है।
उप कृषि निदेशक डॉ प्रशांत कुमार ने बताया कि उनके कार्यालय में कर्मचारी संक्रमित मिला है। एहतियात के तौर पर तीन दिन के लिए कार्यालय बंद रहेगा। किसानों को भी विभिन्न माध्यमों से इस बाबत जानकारी दे दी गई है। पूठड़ गांव में एक युवक पहले संक्रमित मिला था, इस युवक के संपर्क में आने के बाद दो अन्य युवक संक्रमित मिले हैं। बड़ौत में एक स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित मिला है।
बिजनौर में चार साल की बच्ची समेत पांच नए संक्रमित
जिले में चार साल की एक बच्ची और चांदपुर सीओ कार्यालय के दो पुलिसकर्मियों सहित पांच लोग और कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। नए मरीजों में गांव गजरौला शिव, हल्दौर क्षेत्र के गांव सिसौना और नूरपुर नगर की चार वर्षीय मासूम बालिका भी शामिल है।
सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार रविवार की देर रात कुल 457 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच पॉजिटिव और शेष नेगेटिव आईं। छह रिपीट सैंपल की भी रिपोर्ट इसमें शामिल है। नए मरीजों में कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के गांव गजरौला शिव निवासी 20 वर्षीय युवक, हल्दौर थाने के गांव सिसौना का रहने वाला 22 साल का युवक और नूरपुर के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी चार वर्षीय मासूम बालिका शामिल है।
इसके साथ ही चांदपुर सीओ कार्यालय के दो पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इन सभी के नोजल और थ्रॉट स्वाब लेकर तीन जुलाई को जांच के लिए भेजे गए थे और रविवार रात इनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गांव गजरौला शिव का रहने वाला युवक मुंबई में काम करता था। कुछ दिन पूर्व ही वह अपने घर लौटा था।
सीएमओ ने बताया कि तीनों मरीजों के संपर्क में आए उनके परिजनों और अन्य लोगों की तलाश उन्हें होम क्वारंटीन किया जाएगा तथा नोजल और थ्रॉट स्वाब लेकर जांच के लिए नोएडा भेजे जाएंगे। अब तक जिले को कुल 11,284 जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी हैं।
इनमें से कुल 341 पॉजिटिव और 10732 नेगेटिव आई हैं। इनमें से 234 सैंपल रिपीट किए गए थे। वर्तमान अब एक्टिव पॉजिटिव केस की संख्या 341 हो गई है। जबकि छह लोगों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव केस की संख्या 88 हो गई है। 247 लोगों चिकित्सा के उपरांत डिस्चार्ज किया जा चुका है।