मुजफ्फरनगर के छपार थाने पर तैनात आरक्षी सुरजीत सिंह भी कोरोना महामारी के खिलाफ चल रही जंग में योद्धा बन कर डटे हैं। उसके जज्बे को सलाम है। सुरजीत ने अपने फर्ज को प्राथमिकता देते हुए अपनी शादी भी स्थगित कर दी। पांच दिन पहले उसकी शादी होनी तय थी, मगर मौजूदा हालात को देखते हुए उसने शादी का स्थगित कर दिया, कहा कि पहले डयूटी जरुरी है, बाद में शादी होगी।
कांस्टेबल सुरजीत सिंह जनपद रामपुर के थाना टांडा के गांव रफातपुर का रहने वाला हैं। उसकी 14 अप्रैल को उत्तराखंड के जनपद ऊधमसिंहनगर के गांव शिवराजपुर में शादी तय हुई थी।
घर में शादी की सभी तैयारी हो चुकी थी। कार्ड छप चुके थे। बस कपडे खरीदने बाकी रह गए थे, लेकिन इस दौरान कोरोना वायरस पर विजय पाने के लिए लॉकडाउन शुरु हो गया। उसने पहले अपने फर्ज को प्राथमिकता दी।
परिजनों ने भी सहमति जताई और शादी स्थगित कर दी। सुरजीत का कहना है कि मौजूदा हालात में शादी से पहले जनता की सेवा और फर्ज जरुरी है। अब जानलेवा वैश्विक महामारी का कारण बने कोरोना पर जीत हासिल करने के बाद ही शादी के लिए अगली तारीख तय होगी। उनसे लोगों से लॉकडाउन का पालन कर कोरोना से जीत हासिल करने का आहवान किया है।