दौराला/मोदीपुरम(मेरठ)। सिवाया गांव में एक कारपेंटर की मौत के बाद रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। वहीं बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में मृतक के परिवार के सभी 10 लोग पॉजिटिव मिले। इससे गांव में हड़कंप मच गया। मेरठ जिले में अभी तक यह पहला मामला है कि जब एक ही परिवार के 10 लोग एक साथ पॉजिटिव मिले। स्वास्थ्य विभाग ने गांव को सील करने की तैयारी शुरू कर दी है।
सिवाया गांव निवासी कारपेंटर मो. आसिफ को तबीयत खराब होने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां चिकित्सकों ने उसकी कोरोना की जांच कराई, 19 जून को उपचार के दौरान आसिफ की मौत हो गई थी। 20 जून को आई रिपोर्ट में आसिफ पॉजिटिव पाया गया। इसे बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सिवाया पहुंचकर आसिफ के 10 परिजनों के सैंपल जांच के लिए भेजे। बृहस्पतिवार को इनकी रिपोर्ट आई तो सभी पॉजिटिव मिले। इसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया। आनन फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम होम क्वारंटीन हुए परिवार के लोगों को लेने पहुंची। टीम ने नौ लोगों को अस्पताल भेज दिया, जबकि एक महिला और बच्चे को होम क्वारंटीन कर दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि 10 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सभी को अस्पताल में उपचार के लिए भेज दिया है।