मवाना/दौराला। देहात में कोरोना लगातार पांव पसार रहा है। सोमवार को मवाना में एक ही परिवार आठ लोगों समेत कुुल 11 और दौराला में अलग-अलग स्थानों पर छह लोगों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की।
मवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सोमवार को 35 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। इसमें सभी नेगेटिव मिले। वहीं 35 लोगों के आरटीपीसीआर के सैंपल जांच के लिए मेरठ भेजे गए। रविवार को भेजी गई आरटीपीसीआर में एक ही परिवार के 8 सदस्यों सहित कुल 11 लोग संक्रमित मिले। सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश भास्कर ने बताया कि मोहल्ला कल्याण सिंह के एक ही परिवार की 5 महिला, 3 पुरुष संक्रमित मिले। इसके बाद टीम मोहल्ले में पहुंची और आसपास के लोगों के शिविर लगाकर जांच की गई। गत दिवस आरटीपीसीआर में मवाना शुगर मिल की एक महिला, मोहल्ला तिहाई का पुरुष, ढिकौली कॉलोनी निवासी महिला संक्रमित मिली। उधर, दौराला सीएचसी पर सोमवार को 35 लोगों की कोरोना की जांच की गई। सीएचसी दौराला के प्रभारी डॉ. सचिन मलिक ने बताया कि कैंप में 35 लोगों की जांच की गई। इसमें पाबली गांव का एक, एटूजेड कॉलोनी का एक, सुपरटेक कॉलोनी के दो, दौराला की आकांक्षा कॉलोनी का एक व मछरी गांव का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला। लगातार कोरोना के मरीज मिलने से लोगों में दहशत है।