- एक सप्ताह में दूसरी बार वारदात से सुरक्षा पर सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। दिल्ली-मेरठ एनसीआरटीसी (आरआरटीएस) परियोजना के मोदीपुरम डिपो यार्ड से चोरों ने एक सप्ताह में दो अलग-अलग घटनाओं में करीब 145 मीटर कॉपर कॉन्टेक्ट वायर चोरी कर ली। चोरी गए कॉपर तार की कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है। इस संबंध में मैनेजर दौराला थाने में तहरीर दी गई है।
गाजियाबाद के पंचलोक कॉलोनी निवासी बबलू कुमार ने दौराला थाने पर तहरीर दी। बताया कि वह एनसीआरटीसी के मोदीपुरम डिपो यार्ड में सीनियर मैनेजर हैं। उनके अनुसार 26 जुलाई को डिपो यार्ड में लगे करीब 90 मीटर कॉपर कॉन्टेक्ट वायर व अन्य फिटिंग सामग्री चोरी हो गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की गई।
बताया कि 29 जुलाई की रात गार्ड ने साइट के पास संदिग्ध आवाजें सुनने की सूचना दी। इसके बाद सुपरवाइजर मौके पर पहुंचा तो देखा कि तार पर लगा काउंटर वेट टूटा हुआ था। हालांकि उस समय अन्य सामान सुरक्षित मिला। अगले दिन सुबह कर्मचारी काम पर पहुंचे तो मौके से 55 मीटर कॉपर तार और गायब मिला। दोनों घटनाओं में 145 मीटर कॉपर तार चोरी हो चुका है।
आरोप लगाया कि लगातार दूसरी बार चोरी होने से परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि तहरीर मिली है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की तलाश में लगी है।