दिल्ली मेरठ हाईवे पर परतापुर तिराहे पर अंडरपास और इंटरचेंज निर्माण का कार्य रविवार शुरू हो जाएगा। ऐसे में डायवर्जन प्लान लागू होने से दिल्ली की दूरी बढ़ जाएगी। रविवार से रोडवेज बसें और अन्य सभी प्रकार के भारी वाहन परतापुर से दिल्ली की तरफ नहीं आ जा सकेंगे। इसको लेकर एनएचएआाई के अधिकारी बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में ट्रैफिक कार्यालय भी पहुंचे। ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन का पूरा प्लान तैयार कर लिया है। जहां जहां जाम की समस्या बनेगी, वहां अलग से ट्रैफिक पुलिस और थाना पुलिस की ड्यूटी लगाई जाएगी।
हाईवे पर परतापुर तिराहे पर एक अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा होने में कम से कम दो माह का समय लगेगा। जिससे परतापुर तिराहे पर यातायात व्यवस्था बिगड़ेगी और जाम की समस्या बनेगी। जहां अंडरपास का निर्माण कार्य होना है वहां बृहस्पतिवार को सर्विस रोड पर भी काम शुरू कर दिया गया। हल्के वाहन सर्विस रोड से एनएच 58 पर आ जा सकेंगे। जबकि ट्रक, कंटेनर, कैंटर, ट्राले, डीसीएम, और रोडवेज की बसें परतापुर से नहीं आ जा सकेंगी।
जाम से जूझेगा शहर और हाईवे
डायवर्जन प्लान लागू होने से शहर के मुख्य मार्गों व हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था बिगडे़गी। बागपत रोड के अलावा, बेगमपुल, जीरो माइल, बाउंड्री रोड, कमिश्नरी आवास चौराहा, विवि रोड, जेलचुंगी, पीवीएस रोड, एल ब्लॉक शास्त्रीनगर, हापुड़ रोड, बिजली बंबा चौकी तिराहे पर जाम की समस्या बनेगी। हापुड़ अड्डा चौराहे से लेकर बिजली बंबा पुलिस चौकी तक पहले ही जाम की समस्या बनी हुई है।
मेरठ बुलंदशहर हाईवे पर भी अभी कई जगह निर्माण कार्य चल रहा है, ऐसे में यहां भी जाम की समस्या बनी रहती है। इसके अलावा दौराला लावड़, मसूरी मार्ग, मवाना रोड, मवाना-किठौर मार्ग और किठौर-हापुड़ मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या बनेगी। निर्माण कार्य पूरा होने तक यह व्यवस्था बनी रहेगी।
यह रहेगी रोडवेज की बसों की व्यवस्था
मेरठ से दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा जानी वालीं रोडवेज बसें जीरो माइल से कमिश्नरी आवास चौराहा, विवि रोड, तेजगढ़ी, एल ब्लॉक से हापुड़ मार्ग होकर हापुड़ के रास्ते जा सकेंगी। दिल्ली, गाजियाबाद व नोएडा से आने वाली रोडवेज की बसों को हापुड़ से मेरठ आने के लिए हापुड़ मार्ग से निकाला जाएगा।
भारी वाहनों का प्लान
दिल्ली, गाजियाबाद से आने वाले ट्रक, टैंकर, कंटेनर आदि को मोहिउद्दीनपुर से ही खरखौदा की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। मोहिउद्दीनपुर से यह वाहन परतापुर की तरफ नहीं आ सकेंगे।
- मेरठ से दिल्ली व गाजियाबाद की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को हापुड़ रोड की तरफ भेजा जाएगा। ऐसे वाहन हापुड़ से जाएंगे या फिर खरखौदा से मोहिउद्दीनपुर मार्ग से दिल्ली की तरफ जाएंगे।
- मुजफ्फरनगर, हरिद्वार से गाजियाबाद की तरफ जाने वाले भारी वाहन दौराला से मसूरी, मवाना रोड से मवाना होकर किठौर के रास्ते हापुड़ होकर जाएंगे।
गंगनहर पटरी वैकल्पिक मार्ग
दिल्ली मेरठ हाईवे पर भारी वाहनों का डायवर्जन प्लान लागू होने से जहां हापुड़ रोड पर वाहनों का भार बढ़ जाएगा तो वैकल्पिक मार्गों पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा। चौधरी चरण सिंह गंगनहर पटरी मार्ग पर भी वाहनों की संख्या बढ़ेगी। यह पटरी मार्ग मेरठ से सीधे मुरादनगर नहर पर हाईवे पर निकालेगा।
परतापुर से दिल्ली रोड पर नहीं आ सकेंगे वाहन
परतापुर में जैसे ही अंडरपास और इंटरचेंज को लेकर निर्माण कार्य शुरू होगा तभी से परतापुर तिराहे से शहर की तरफ दिल्ली रोड पर वाहन नहीं आ सकेंगे। वहीं शहर से परतापुर तिराहे की तरफ भी वाहन नहीं जा सकेंगे। शहर से आने जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को परतापुर बाईपास से आना जाना होगा। ऐसे में एचआरएस तिराहे से बागपत रोड होकर बाईपास पर जा सकेंगे, यही आने का भी रूट रहेगा। दूसरा रूट कंकरखेड़ा होते हुए बाईपास का रहेगा।
डायवर्जन प्लान तैयार है
डायवर्जन का प्लान तैयार कर लिया गया है। जैसे एनएचएआई निर्माण कार्य शुरू करेगा उच्च अधिकारियों के निर्देश पर डायवर्जन कर दिया जाएगा। जाम वाले स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई जाएगी। - संजीव वाजपेयी, एसपी ट्रैफिक
तैयारी पूरी कर ली है
निर्माण कार्य की पूरी तैयारी कर ली गई है। गार्डर रखने के लिए बड़ी क्रेन लगा दी गई है। सर्विस रोड का काम शुरू कर दिया गया है। रविवार से इंटरचेंज और अंडर पास का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - अरविंद कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे