शामली। पूर्वी यमुना नहर के किनारे जवाहर नवोदय विद्यालय का इंटरमीडिएट सेक्शन का निर्माण कार्य 31 जुलाई तक पूरा हो जाएगा। अंबाला की निर्माण एजेंसी द्वारा पचास प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
जिला बनने के बाद पूर्वी यमुना नहर के किनारे भैंसवाल गांव के जंगल में 25 बीघा भूमि जवाहर नवाेदय विद्यालय के भवन के लिए आरक्षित थी। वर्ष 2017 मेंं टीसीएल कंपनी को 17 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करते हुए निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। निर्माण एजेंसी ने जनवरी 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले जवाहर नवोदय विद्यालय का निर्माण कार्य पूरा कर प्रथम फेज का लोकार्पण कर दिया था। हालांकि 2020 में आए कोरोना काल में जवाहर नवोदय विद्यालय के नवीन भवन में कक्षाएं संचालित हो गई थी। दूसरे चरण में जवाहर नवोदय विद्यालय में इंटरमीडियट सेक्शन में बालक-बालिकाओं के लिए 48-48 डबल स्टोरी छात्रावास, उप प्रधानाचार्य कक्ष एक, गेस्ट हाऊस, 10 आवास कार्य निर्माण के लिए एस्टीमेट बनाकर केंद्रीय विद्यालय समिति की ओर से पिछले साल प्रस्ताव दिया था। शामली मेंं इंंटरमीडिएट सेक्शन के अधूरे कार्य के लिए छह करोड़, 47 लाख रुपयों की धनराशि स्वीकृति की गई। अंबाला की निर्माण एजेंसी के सहायक अभियंता आजाद सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय के इंटर सेक्शन का अधूरा कार्य पूरा करने के लिए 31 जुलाई तक का समय दिया गया है। 25 फरवरी तक लक्ष्य के सापेक्ष पचास प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। पचास प्रतिशत कार्य अगले पांच माह में पूरा कर लिया जाएगा।