हस्तिनापुर। खादर क्षेत्र में प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ को रोकने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा शुरू कराया गया तटबंध निर्माण का कार्य बरसात के मौसम के बाद एक बार फिर शुरू हो गया है। सिंचाई विभाग के अनुसार तटबंध का 70 प्रतिशत कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
खादर क्षेत्र में मेरठ और मुजफ्फरनगर की सीमा के गांव खेड़ा मजादपुर से भीमकुंड गंगा घाट तक करीब 11 किलोमीटर का निर्माण 73 करोड़ रुपये की लागत से सिंचाई विभाग द्वारा किया जा रहा है। अप्रैल 2023 में कार्य का शिलान्यास राज्य मंत्री दिनेश खटीक द्वारा कराया गया था। इसके बाद से यहां मिट्टी का कार्य चल रहा था। बारिश के मौसम के चलते कार्य को बंद कर दिया गया। अब बरसात का मौसम समाप्त होते ही एक बार फिर सिंचाई विभाग द्वारा खादर क्षेत्र में तटबंध के निर्माण का कार्य शुरू कराया गया है। तटबंध के निर्माण से खादर क्षेत्र में प्रतिवर्ष होने वाली करोड़ों रुपये की फसलों की हानि को बचाया जा सकेगा।
सिंचाई विभाग के एक्सईएन प्रमोद कुमार ने बताया कि तटबंध निर्माण परियोजना के 70 प्रतिशत कार्य को पूर्ण कर लिया गया है।
26 जून, 2026 तक इस परियोजना को पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके लिए संबंधित कंपनियों को कार्यों को मानक के अनुसार और जल्द से जल्द पूरा करने के विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पिछले दिनों कुछ किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर तटबंध के निर्माण कार्य पर रोक लगाई थी, परंतु सिंचाई विभाग ने कुछ किसानों को सहमत कर लिया है। इसके बाद यहां पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है।