कच्ची ईंट से हो रहा नाली का निर्माण, जिम्मेदार बेपरवाह
मेरठ। शहर में चल रहे विकास कार्यों में न तो निर्माण सामाग्री की गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है और न ही अधिकारी मौके पर जाने की जहमत उठा रहे हैं। ऐसे में ठेकेदार मनमानी कर घटिया सामाग्री का इस्तेमाल कर निर्माण कर रहे हैं। लोग इसकी शिकायत भी नगर निगम अफसरों से कर चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार सुध लेने को तैयार नहीं है।
ठेकेदार की मनमानी और अफसरों की लापरवाही की बानगी किदवई नगर की गली नंबर एक में देखने को मिल रही है। यहां नाली निर्माण और टाइल्स लगाने का काम चल रहा है। लोगों का आरोप है कि पुरानी ईंटों से नाली निर्माण किया जा रहा है, इसके अलावा कच्ची ईंट भी लगाई जा रही हैं। लोगों का आरोप है कि इसकी शिकायत पार्षद और नगर निगम के सुपरवाइजर से की जा चुकी है, लेकिन किसी ने भी शिकायत पर संज्ञान नहीं लिया। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते कच्ची और पुरानी ईंटों से लगातार निर्माण चल रहा है।
लोगों ने शिकायत की थी
लोगों ने हमसे नाली निर्माण में कच्ची ईंटों से इस्तेमाल की शिकायत की थी। हमने सुपरवाइजर और ठेकेदार को इस बारे में अवगत करा दिया था, उन्होंने निर्माण गुणवत्ता सुधारने का आश्वासन दिया था। - राशिद, पार्षद
जांच कराकर कार्रवाई करेंगे
हमारे पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई। अगर निर्माण सामाग्री की गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - यशवंत कुमार, चीफ इंजीनियर ननि