मवाना। गंग नहर पुल के संपर्क मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू न होने और विभागीय सुस्ती को लेकर जिलाधिकारी ने चार अगस्त को कांवड़ मार्ग के निरीक्षण के दौरान कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की जमकर फटकार लगाई थी। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दो दिन के भीतर हर हाल में निर्माण कार्य शुरू करने का आदेश दिया था।
डीएम के आदेश के बाद शुक्रवार को संपर्क मार्ग पर मिट्टी डालने का कार्य शुरु कर दिया गया। बीते माह कांवड मार्ग के निरीक्षण को पहुंचे डीएम डाॅ. वीके सिंह ने गंग नहर के नए पुल के लिए बनाई गई संपर्क मार्ग के निर्माण पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी और अधिकारियों को ठीक से निर्माण कराने के आदेश दिए थे। अधिकारियों ने डीएम के आदेशों को गंभीरता से नहीं लिया। 4 अगस्त को जब पुन: डीएम निरीक्षण के लिए पहुंचे तो उन्होंने संपर्क मार्ग का निर्माण शुरु नहीं होने पर पीडब्लूडी के अधिकारी को जमकर फटकार लगाई थी और दो दिन में काम शुरू करने के आदेश दिए थे।
डीएम ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी थी कि सड़क को मानकों के अनुरूप पूरी तरह सीधा और हादसों से बचाव के लिए सुरक्षित बनाया जाए, ताकि कांवड़ियों और आम राहगीरों को आवागमन में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही डीएम ने यह भी साफ कर दिया था कि यदि सड़क निर्माण या सरकारी कार्य में कोई भी व्यक्ति बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।