खरखौदा (मेरठ)। शुक्रवार को खरखौदा थाना क्षेत्र के पीएसी 44वीं वाहिनी में तैनात आरक्षी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। जहां शनिवार को उपचार के दौरान आरक्षी की मौत हो गई। उधर विभाग द्वारा परिजनों को शुक्रवार को ही घटना की जानकारी दे दी गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अपने साथ ले गए।
खरखौदा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के अनुसार मुजफ्फरनगर के थाना भोपा गांव बाकर नगर निवासी 2021 का बैच भर्ती काशीराम 24 वर्षीय पुत्र मलखान सिंह जोकि आरक्षी के पद पर बिजली बंबा चौकी क्षेत्र में पीएसी 44वीं वाहिनी में तैनात था। पीएसी कंट्रोल रूम से शुक्रवार शाम को सूचना मिली की उक्त आरक्षी ने अपनी बैरक में ही कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरक्षी को गंभीर हालत में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, विभाग द्वारा आरक्षी के परिजनों को शुक्रवार को ही जहरीला पदार्थ खाने की सूचना दे दी गई थी। जहां परिजन अस्पताल पहुंच गए थे। शनिवार को सुबह 8:00 बजे उपचार के दौरान सिपाही की मौत हो गई। जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शाम पीएम के बाद परिजन शव को अपने साथ गांव ले गए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है अभी तक जहरीला पदार्थ खाने का कोई तो स्पष्ट नहीं हो सका है।