-एसएसपी ने सीओ सिविल लाइन को सौंपी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। देहली गेट थाना क्षेत्र में एक सिपाही पर फल विक्रेता से नशे की हालात में अभद्रता करने का आरोप लगाया है। बुधवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच में लग गई है। एसएसपी अविनाश पांडेय ने सीओ सिविल लाइन अजय कुमार यादव को मामले की जांच सौंपी है।
जानकारी के अनुसार, जली कोठी के पास एक फल विक्रेता मंगलवार को अपना ठेला लेकर जा रहा था। मौके से सिविल लाइन थाने में तैनात सिपाही भी जा रहे थे। किसी बात को लेकर सिपाही की ठेला विक्रेता से कहासुनी हो गई। आरोप है कि सिपाही नशे में था। पीड़ित ने जब सिपाही की हरकतों का विरोध किया। सिपाही ने फल विक्रेता को गाली देनी शुरू कर दी।
एक युवक घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि सिपाही ने उसके मोबाइल पर हाथ मारा। इससे युवक का मोबाइल नीचे गिर गया। घटनाक्रम आसपास मौजूद अन्य लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। बुधवार को सिपाही का वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारी हरकत में आए। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ सिविल लाइन को सौंप दी है।
एसएसपी ने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे सिपाही की तैनाती और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-