माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कांग्रेसियों ने बाबा साहब पर टिप्पणी के खिलाफ शनिवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कचहरी स्थित बाबा साहेब आंबेडकर जी की प्रतिमा के सामने धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। मुख्य अतिथि बाराबंकी सांसद अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन तनुज पुनिया रहे। सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि अमित शाह ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर के बारे मे राज्यसभा मे बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की है। ये टिप्पणियां न केवल भारत के महानतम नेताओं में से एक अद्वितीय विरासत का अपमान है बल्कि उन करोड़ों लोगों की भावनाओं का घोर अपमान है, जो उन्हें भारतीय संविधान के निर्माता और सामाजिक न्याय के प्रणेता के रूप मे पूजते हैं, अमित शाह को तत्काल अपने पद से इस्तीफा और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। डॉ मैराजुद्दीन, रंजन शर्मा, सलीम खान, बाबू चमन लाल , यशपाल सिंह,राहत चौहान, बबली देवी ,विकास शर्मा , राजेंद्र जाटव, तेजपाल डाबका, अजय चौधरी, यूसुफ अंसारी आदि शामिल रहे।