मवाना। बैंक में मोहल्ला हीरालाल निवासी वयोवृद्ध लोकतंत्र सेनानी व कांग्रेसी नेता विनोद कुमार कामिल (बिल्लो) के 24 हजार रुपये लेकर एक युवक फरार हो गया। आरोपी युवक सीसीटीवी में कैद हो गया। पीड़ित ने थाने में शिकायत की।
मोहल्ला हीरालाल निवासी विनोद कुमार कामिल (बिल्लो) लोकतंत्र सेनानी तथा कांग्रेसी नेता हैं।उन्होंने किसी बैंक से 25 हजार रुपये निकाले थे। उसमें से एक हजार रुपया जमा करने के लिए वह गुड़ मंडी स्थित कॉपरेटिव बैंक गए थे। वहां बेंच पर फार्म भरने के बाद वह 24 हजार रुपये वहीं रखकर एक हजार जमा करने के लिए खिड़की पर चले गए। इसी दौरान एक युवक वहां जाकर बैठ गया और 24 हजार रुपये उठाकर जेब में रखकर बैंक से बाहर चला गया। वापस आकर विनोद कुमार कामिल ने पैसे गायब देखे तो उन्होंने शोर मचा दिया। आरोपी युवक सीसीटीवी में कैद हो गया। पीड़ित ने थाने पहुंच शिकायत की तथा सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपी।