प्रदेश के पूर्व सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री डॉ. मेराजुद्दीन अहमद ने कांग्रेस छोड़कर रालोद का दामन थाम लिया है। मंगलवार को उन्होंने साकेत में पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा के आवास पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी के समक्ष अपने समर्थकों के साथ पार्टी ज्वाइन की। जयंत ने कहा कि डॉ. मेराजुद्दीन के आने से पार्टी अल्पसंख्यकों के बीच मजबूत होगी। उधर, रालोद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने बताया कि इटावा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिशंकर सिंह ने भी रालोद में शामिल होने की घोषणा की है। उधर, रालोद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने बताया कि इटावा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिशंकर सिंह ने भी रालोद में शामिल होने की घोषणा की है।
विधानसभा चुनाव के दौरान रालोद में दूसरे दलों के नेताओं के आने का सिलसिला तेज हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश के पूर्व सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री डॉ. मेराजुद्दीन अहमद ने भी कांग्रेस का साथ छोड़कर रालोद की सदस्यता ले ली। जयंत चौधरी ने उन्हें पार्टी ज्वाइन कराते हुए कहा कि डॉ. मेराजुद्दीन पहले भी पार्टी में रहे हैं। इनकी वापसी से न सिर्फ पार्टी मजबूत होगी, बल्कि अल्पसंख्यक समुदाय के बीच भी बड़ा संदेश जाएगा। जयंत ने कहा कि पार्टी का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पार्टी में अच्छे नेता आ रहे हैं। जबकि, पार्टी छोड़कर गए नेता भी वापसी कर रहे हैं। इस मौके पर डॉ. मेराजुद्दीन ने कहा कि ये उनकी घर वापसी है। रालोद ने उन्हें बहुत कुछ दिया, लेकिन किन्हीं कारणों से उन्हें पार्टी छोड़कर जाना पड़ा था। रालोद किसानों और मजदूरों की आवाज बुलंद करने वाली पार्टी है। पार्टी सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह और जयंत चौधरी की उम्मीदों पर वह खरे उतरेंगे। पार्टी ज्वाइन कराने के बाद जयंत डॉ. मेराजुद्दीन को हेलीकाप्टर से अपने साथ कैराना ले गए। वहां दोनों ने जनसभा को संबोधित किया।
ये भी हुए रालोद के :
इस मौके पर सलीम सिद्दीकी, हनीफ पहलवान, जुबेर पठान, जीशान, नईम सिद्दीकी, इमरान कुरैशी, सलाउद्दीन अंसारी, मोहम्मद साजिद, कादिर अलवी, शमशाद अंसारी, जुबैर सिद्दीकी, अकरम सैफी, रवीश एडवोकेट, हसीन अहमद, नदीम, राशिद, शमशाद कुरैशी, साबिर अली, आदिल सिद्दीकी, अदनान अहमद, जावेद अख्तर, ठाकुर अशरफ, मोहम्मद अहमद, मुन्ने खां और आकिल अहमद ने भी कांग्रेस छोड़ रालोद का दामन थामा।