बिजनौर जिला बार एसोसिएशन के चुनाव की रंजिश को लेकर सोमवार को जजी में वकीलों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों में जमकर मारपीट व फायरिंग हुई। जजी में गोली चलने से अफरातफरी मच गई। इस विवाद में बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन बलवंत सिंह व उनका पुत्र राहुल काकरान घायल हो गए। फायरिंग के दौरान पैर में गोली लगने से अधिवक्ता का मुवक्किल घायल हो गया। एक पक्ष की ओर से पुलिस में तहरीर दी गई है। पुलिस मुवक्किल के गोली लगने के मामले में जांच पड़ताल में जुटी है।
18 अप्रैल को बार काउंसिलिंग के पूर्व चेयरमैन व वरिष्ठ अधिवक्ता बलवंत सिंह व अधिवक्ता आनंद जंघाला के गुट में बार एसोसिएशन के चुनाव की रसीद काटने के तरीके को लेकर विवाद हो गया था। दोनों गुटों में मारपीट भी हुई थी। आनंद जंघाला गुट की ओर से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोमवार को जजी में दोनों गुट आपस में फिर भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बलवंत सिंह का पुत्र अधिवक्ता राहुल काकरान अपने बस्ते के समीप दूसरे के बस्ते पर बैठे थे। तभी उन पर दूसरे गुट के लोगों ने हमला बोल दिया। राहुल को बचाने आए बलवंत सिंह से भी मारपीट की गई। दोनों गुट आपस में भिड़े रहे। इस दौरान फायरिंग भी हुई।