- मेले के अंतिम दिन रंगारंग रागनी कार्यक्रम का आयोजन हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। माछरा में जाहरवीर गोगा मंदिर पर चल रहे तीन दिवसीय मेले का शनिवार को भव्य समापन किया गया। मेले के अंतिम दिन रंगारंग रागनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार गुर्जर ने शिरकत की। शिव कुमार गुर्जर ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक मेले हमारी प्राचीन संस्कृति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। मेले में मीना बाजार और पकवानों की दुकानों पर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बच्चों को खेल खिलौने और विभिन्न तरह के स्वादिष्ट पकवानों की दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की और मेले का आनंद लिया। बच्चों और महिलाओं में मेले को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।
जाहरवीर मंदिर कार्य समिति अध्यक्ष महेश भाटी ने बताया कि मंदिर परिसर में तीन दिन तक श्रद्धालुओं ने बाबा जाहरवीर गोगा मंदिर माड़ी और उनकी प्रतिमा पर प्रसाद चढ़ाया। इस दौरान रमेशचंद भाटी, रकम सिंह भाटी, अमित भाटी, राहुल भाटी, दीपक भाटी, खेमचंद, संजीवदत्त शर्मा आदि का सहयोग रहा।