बिजनौर, धामपुर। विद्युत निगम धामपुर सर्किल के अधीक्षण अभियंता उदय प्रताप सिंह ने बताया कि 15 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में धामपुर विद्युत वितरण खंड द्वितीय में संविदा पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर रविंद्र की संविदा खत्म होगी। संबंधित कंपनी को निगम की ओर से रिपोर्ट बनाकर भेज दी गई है। उधर इस मामले में टीजीटू कर्मी विकास कुमार को एचडी के निर्देश पर अधिशासी अभियंता शेखर चंद ने देर रात निलंबित कर दिया गया है।
अधीक्षण अभियंता उदय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना से विद्युत निगम की छवि खराब हुई है। ऐसे अधिकारियों, कर्मचारियों की जांच कराई जा रही है। जो दोषी पाए जाएंगे। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि बुधवार को एंटी करप्शन मुरादाबाद की टीम ने 15 हजार की रिश्वत लेने के मामले में विद्युत वितरण खंड द्वितीय धामपुर में संविदा पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर रविंद्र को गिरफ्तार किया था।
टीजीटू विकास कुमार धोखा देकर फरार हो गया था। बृहस्पतिवार को एंटी करप्शन टीम रविंद्र कुमार को बरेली कोर्ट में पेश करने के लिए ले गई। इस मामले में आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर रविंद्र ने एंटी करप्शन टीम को बताया था कि उसने निगम में कार्यरत टीजीटू विकास कुमार के कहने पर रिश्वत ली थी। दोनों के खिलाफ धामपुर पुलिस में नामजद रिपोर्ट कायम हुई है।
आरोप है कि टीजीटू ने कहा था जब तक संबंधित किसान गोपालपुर निवासी अनुराग शर्मा 15 हजार की रिश्वत नहीं देगा। तो उसके दादा के नाम से 7:30 हॉर्स पावर का फुल डिपॉजिट योजना के अंतर्गत कनेक्शन आवंटित नहीं होगा। इस मामले में आरोपी रविंद्र की संविदा नौकरी को खत्म करने के लिए संबंधित कंपनी को रिपोर्ट भेजी दी गई है। जबकि देर रात की टीजीटू विकास कुमार को निलंबित कर दिया गया है ।
- कोई भ्रष्टाचार में लिप्त मिला तो बख्शा नहीं जाएगा
अधीक्षण अभियंता ने सर्किल के सभी चारों डिवीजनों के अधिकारियों, कर्मचारियों को हिदायत दी है कि वह भ्रष्टाचार कतई न होने दें। कोई भी अधिकारी, कर्मचारी लिप्त पाया जाता है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
- मुरादाबाद मंडल में अब तक 11 के खिलाफ हो चुकी है कार्रवाई
एंटी करप्शन द्वारा रिश्वत लेने के आरोप में कंप्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार करने का यह पहला मामला है। हालांकि जनपद बिजनौर में अब तक विभिन्न विभागों के चार कर्मचारियों को रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन टीम गिरफ्तार कर चालान कर चुकी है। मुरादाबाद मंडल में अब तक 11 लोगों पर रिश्वत लेने के मामले में कार्रवाई हो चुकी है।
- कोई रिश्वत मांगे तो तत्काल रिपोर्ट दें
अधीक्षण अभियंता उदय प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार को धामपुर विद्युत वितरण खंड द्वितीय के वरिष्ठ बाबू को तलब कर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों की सर्विस बुक चेक की। गड़बड़ी और अधूरी पाने पर जमकर लताड़ लगाई। चेतावनी दी कि दफ्तर में कोई भी किसी भी व्यक्ति से रिश्वत मांगता है। तो वह तत्काल उन्हें रिपोर्ट करें। ताकि ऐसे कर्मचारी को निगम से बर्खास्त किया जा सके।