हस्तिनापुर। नगर पंचायत क्षेत्र में करोड़ों रुपये की सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत तहसील समाधान दिवस में मंडल आयुक्त से की गई है। अनाज मंडी निवासी नूर मोहम्मद ने मंडलायुक्त को शिकायत पत्र देकर कर अवैध निर्माण पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नगर पंचायत हस्तिनापुर में मुख्य मार्ग से प्रभात नगर कॉलोनी जाने वाले रास्ते के मोड़ पर अवैध रूप से दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। यह निर्माण भूमि से आगे बढ़ाकर नगर पंचायत की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से किया जा रहा है। नूर मोहम्मद ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने पर भी संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण कार्य लगातार जारी है, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। शिकायतकर्ता ने मंडलायुक्त से स्थलीय निरीक्षण कराकर संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग की है।